ग़ाज़ीपुर लिटरेचर फेस्टिवल : संस्कृति, संवाद और जड़ों की ओर लौटने का एक सफल भव्य उत्सव
1
ग़ाज़ीपुर लिटरेचर फेस्टिवल अपनी अनेकविध गतिविधियों, गहन विमर्शों और सांस्कृतिक उत्सवधर्मिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। यह आयोजन न केवल पूर्वांचल के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नई परंपरा स्थापित करता है, बल्कि यह साबित करता है कि साहित्य और बौद्धिक संवाद के बड़े मंच महानगरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। पहली ही कड़ी में यह फेस्टिवल ग़ाज़ीपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चेतना को राष्ट्रीय और वैश्विक पटल पर ले जाता दिखाई दिया।
विषयगत विविधता और प्रासंगिक विमर्श
—
कार्यक्रम की रूपरेखा बताती है कि आयोजकों ने विषयों की विविधता को केंद्र में रखा। साहित्य, इतिहास, लोक संस्कृति, प्रवासन, समाज, महिला चेतना, फिल्म इंडस्ट्री, आर्थिक बदलाव, ऐतिहासिक फिक्शन, पढ़ने की बदलती प्रवृत्तियाँ, सैन्य शौर्य और पूर्वांचल की आध्यात्मिक विरासत - सभी आयामों पर संवाद हुआ।
इन विषयों की प्रासंगिकता समकालीन समय की सामाजिक-सांस्कृतिक चुनौतियों के साथ पूरी तरह मेल खाती है। कोई सत्र केवल जानकारी तक सीमित नहीं रहा, प्रत्येक मंच ने गंभीर विमर्श, तर्क और समाधान की रूपरेखाएँ प्रस्तुत कीं।
विशेषज्ञ वक्ताओं और रचनाकारों की प्रभावी उपस्थिति
-
फेस्टिवल की सफलता का एक बड़ा कारण इसमें शामिल वक्ताओं और विशेषज्ञों की उपलब्धता रही। चर्चित लेखक, फिल्मकार, गीतकार, समाजशास्त्री, प्रोफेसर, शोधकर्ता, पत्रकार, दास्तानगो ,सामाजिक कार्यकर्ता और सांस्कृतिक कर्मियों ने अपने विचार रखे। इस उपस्थिति ने कार्यक्रम की विश्वसनीयता और गरिमा को और ऊँचा किया।
फिल्म, साहित्य और समाज के बीच रचनात्मक संवाद
—
यह फेस्टिवल केवल साहित्य की सीमाओं तक नहीं रहा, बल्कि उसने लोकप्रिय संस्कृति को गंभीर विमर्श का हिस्सा बनाया। भोजपुरी सिनेमा, फिल्म कथानक, संगीत, अपराध और सामाजिक संरचना जैसे प्रश्नों पर खुले विचार से चर्चा हुई। लोकगीत के मंच और शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि ग़ाज़ीपुर लिटरेचर फेस्टिवल केवल बौद्धिक वार्तालाप नहीं, बल्कि संपूर्ण सांस्कृतिक अनुभव है।
विदेश से भारतवंशियों की भागीदारी :संबंधों का पुनर्सत्यापन
-
फेस्टिवल का सबसे भावनात्मक आयाम था- विदेश से आए भारतवंशी प्रतिभागियों की उपस्थिति। प्रवासी साहित्य, गिरमिटिया इतिहास और सांस्कृतिक स्मृतियों पर हुई चर्चाओं ने यह एहसास कराया कि भाषा और संस्कृति भौगोलिक दूरी से कभी नहीं टूटती। यह मंच अतीत और वर्तमान, देश और प्रवास के बीच एक सेतु बनकर उभरा।
पूर्वांचल में विश्वस्तरीय आयोजन :सांस्कृतिक विकेंद्रीकरण की मिसाल
-
ग़ाज़ीपुर में इतना भव्य और संगठित आयोजन होना अपने आप में एक उपलब्धि है। इससे यह संदेश गया कि सांस्कृतिक केंद्र केवल महानगर नहीं, बल्कि भारत का हर छोटा शहर और कस्बा भी साहित्य और कला के लिए उतना ही सक्षम और उत्सुक है। यह आयोजन युवाओं, शोधार्थियों, कलाकारों और स्थानीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा है।
पुस्तक प्रदर्शनी और लोक कला का समन्वय
-
एक ही मंच पर पुस्तक विमोचन, कला प्रदर्शन, लोकगीत और बातचीत ने सिद्ध किया कि साहित्य जीवन से अलग नहीं — जीवन ही साहित्य है। यह संगम दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए अत्यंत आकर्षक और शिक्षाप्रद रहा।
अपनी जड़ों की तरफ लौटने का संदेश
-
फेस्टिवल का मूल भाव स्पष्ट था -अपनी भाषा, अपनी संस्कृति, अपनी परंपरा और अपनी मिट्टी से जुड़ाव का पुनर्स्मरण।
जिस तरह वक्ताओं, प्रवासी भारतीयों, कलाकारों और युवाओं ने इस मंच पर मिलकर सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया, वह भारतीयता के गहरे भाव को उजागर करता है।
और अंत में ,
ग़ाज़ीपुर लिटरेचर फेस्टिवल का सफल समापन एक सांस्कृतिक उपलब्धि से कहीं अधिक है। यह उस दिशा में पहला कदम है, जहाँ साहित्य, लोक परंपरा और सामाजिक चिंतन को पुनः केंद्र में लाने की कोशिश की जा रही है।
इस फेस्टिवल ने यह स्थापित कर दिया है कि पूर्वांचल केवल साहित्य की जननी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक नेतृत्व की पात्र भूमि भी है।
यदि आने वाले वर्षों में यह आयोजन जारी रहता है, तो यह निस्संदेह ग़ाज़ीपुर और पूरे पूर्वांचल के सांस्कृतिक भविष्य को नया आकार देने की क्षमता रखता है।
भारत डॉयलॉग्स की पूरी टीम उनके संस्थापक , सह-संस्थापक और निदेशक को बधाई ।
Bhavtosh Pandey